हरियाणा पुलिस के जवान विकट परिस्थितियों में धैर्य के साथ कर रहे हैं कर्तव्यों का निर्वहन- मुख्यमंत्री नायब सिंह
सरकार हरियाणा पुलिस को देश की अग्रणी पुलिस बनाने के लिए कटिबद्ध
पुलिस में पारदर्शी तरीके से भर्ती के लिए टीआरपी की लागू- नायब सिंह सैनी
पुलिस के जवान देश सेवा के साथ समाज सेवा के जज्बे के साथ करें कार्य
चंडीगढ़चंडीगढ़/SANGHOL-TIMES/NAGPAL/24 जुलाई,2024 – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पुलिस का कार्य चुनौतीपूर्ण है। हरियाणा पुलिस ने विकट व विषम परिस्थितियों में भी धैर्य तथा सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है। सरकार हरियाणा पुलिस को देश की अग्रणी पुलिस बनाने के लिए कटिबद्ध है। पुलिस में पारदर्शी तरीके से भर्ती के लिए टीआरपी (ट्रांसपेरेंट रिक्रूटमेंट प्रोसेस) लागू किया है। प्रशिक्षण संस्थान यह ध्यान रखें कि पुलिस का जवान एक अच्छा पुलिसकर्मी होने के साथ-साथ एक अच्छा नागरिक भी हो।
मुख्यमंत्री आज जिला रोहतक में सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में 18 कंपनियों के 1265 जवानों की प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने पर आयोजित पासिंग आउट परेड में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थितगण को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने खुली जीप में सवार होकर परेड टुकड़ियों का निरीक्षण किया तथा भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले जवानों व उनके अभिभावकों को बधाई व शुभकामनाएं भी दी।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रत्येक व्यक्ति की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। आज इन जवानों के हरियाणा पुलिस में शामिल होने से पुलिस बल की नफरी बढ़ेगी। सभी जवान मेहनत और लगन से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें ताकि पुलिस बल की कार्यकुशलता में और वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 1265 जवानों में से 765 जवानों ने सुनारिया पुलिस अकादमी तथा 500 जवानों ने पुलिस अकादमी मधुबन से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने आह्वान किया कि पुलिस के जवान समाज सेवा के साथ-साथ देश सेवा के जज्बे के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगभग पौने दस सालों में योग्यता के आधार पर एक लाख 32 हजार से अधिक युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची रोजगार दिया है।
अपराधियों व नशे में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस कर रही सख्त कार्रवाई
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा अपराधियों व नशे की अवैध तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उन्हें सजा दिलवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार नशा तस्करों से निपटने के लिए पूरी तरह सजग है। सरकार द्वारा इसके लिए अंतरराज्यीय ड्रग्स सचिवालय व हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की स्थापना की गई है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस में खेल के स्तर को सुधारने के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भर्ती किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 1265 जवानों में से 601 खिलाड़ी है। पुलिस को अपराधों की रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीकों से युक्त किया जा रहा है। हरियाणा पुलिस को गत फरवरी 2023 में राष्ट्रपति कलर अवार्ड से नवाजा गया है जो हम सभी के लिए गर्व की बात है।
साइबर अपराध पर अंकुश के लिए हेल्पलाइन सेवा-1930 शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि डायल 112 पर कॉल प्राप्त होते ही पुलिस 7 मिनट 5 सेकंड में मदद के लिए पहुंच जाती है। अब तक इस नम्बर पर 30 लाख कॉल आ चुकी है तथा इनमें से 93 प्रतिशत लोग पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। डायल 112 सेवा को व्हाट्सएप प्लेटफार्म पर भी उपलब्ध करवाया गया है। संकट के समय व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर पुलिस की मदद ली जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा राज्य साइबर अपराध समन्वय केन्द्र की स्थापना की है तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन नम्बर 1930 शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला में साइबर थानों की स्थापना की गई है। साइबर अपराध से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए गुरुग्राम में देश का पहला ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया गया है। पासपोर्ट सत्यापन कार्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए हरियाणा पुलिस को पांच बार पुरस्कृत किया गया है। सरकार द्वारा पुलिसकर्मियों के दैनिक भत्ते व एसपीओ का मानदेय बढ़ाया गया है। हर पुलिसकर्मी को साप्ताहिक विश्राम देने वाला हरियाणा देश का एकमात्र प्रदेश है। पुलिस कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई के लिए 22 पब्लिक स्कूल स्थापित किए गए हैं। आत्मरक्षा तकनीकों में प्रशिक्षित महिला पुलिसकमिर्यों द्वारा शैक्षणिक संस्थाओं में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
गंभीर अपराधों से निपटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित- पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर
पुलिस महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर ने मुख्यमंत्री तथा उपस्थितगण का अभिवादन करते हुए कहा कि सरकार द्वारा गंभीर अपराधों से निपटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है। शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को बढ़ाकर तीन गुणा कर दिया गया है तथा शहीद के बच्चों को सरकारी नौकरी व आश्रित महिला को मासिक वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि बैंक के साथ किए गए अनुबंध के तहत शहीद के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि भी दी जाती है। सरकार द्वारा 35 वर्ष से अधिक आयु के पुलिसकर्मियों के निशुल्क स्वास्थ्य जांच की पहल की है। सरकार द्वारा जवानों व अधिकारियों के राशन भत्ते, वर्दी भत्ता को भी बढ़ाया गया है तथा मोबाइल अलाउंस की भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण देने व महिला विरूद्ध अपराधों को रोकने के लिए 33 महिला थाने स्थापित किए गए हैं। अकेले में सफर करने वाली महिलाओं के लिए पुलिस द्वारा ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा शुरू की गई है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। राज्यों में साइबर अपराध रोकने के लिए 29 साइबर पुलिस थाने खोले गए हैं। साइबर हेल्पलाइन-1930 का कुशल क्रियान्वयन हो रहा है तथा इसे आपातकालीन सेवा डायल-112 से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत परेड समारोह में भाग लेने वाले 1265 जवानों में से 269 स्नातकोत्तर व 808 स्नातक है। उनमें से 1021 ग्रामीण तथा 244 जवान शहरी पृष्ठभूमि से है। सभी अपना प्रशिक्षण पूरा करके जनसेवा के लिए समर्पित होने जा रहे हैं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जवानों को किया गया पुरस्कृत
मुख्यमंत्री ने पासिंग आउट परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जवानों को प्रथम श्रेणी प्रशंसा पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों जवानों में प्रथम पुरस्कार सिपाही नरविंद्र सिंह, द्वितीय पुरस्कार सिपाही वकील कुमार तथा तृतीय पुरस्कार सिपाही जगबीर सिंह शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर रोहतक रेंज व पीटीसी सुनारिया के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के.के.राव, पुलिस उप महानिरीक्षक शिवचरण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
मुख्यमंत्री ने रोहतक में हाई सिक्योरिटी जेल के लिए 34.74 करोड़ रुपये की लागत से एडवांस सिक्योरिटी सॉल्यूशन को मंजूरी दी
चंडीगढ़/SANGHOL-TIMES/NAGPAL/24जुलाई,2024 – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने रोहतक में 34.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हाई सिक्योरिटी जेल में ‘एडवांसड फिजिकल सिक्योरिटी सॉल्यूशन’ स्थापित करने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रस्तावित सुरक्षा उपायों में अत्याधुनिक परिधि सुरक्षा प्रणालियां, उन्नत प्रवेश नियंत्रण तंत्र, व्यापक निगरानी प्रणालियां और कमांड एवं नियंत्रण केंद्र में एकीकृत अन्य उन्नत आईटी प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। इन संवर्द्धनों का उद्देश्य रोहतक उच्च सुरक्षा जेल में मजबूत और अभेद्य सुरक्षा वातावरण बनाना है।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय 1 दिसंबर और 12 दिसंबर, 2023 को जेल विभाग और हरियाणा पुलिस आवास निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में हुई सिफारिशों के बाद लिया गया है। इन बैठकों में जिला जेल नूंह की तरह नवीनतम एवं आधुनिक सुरक्षा तकनीकी उपकरणों को लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया गया था।
क्रमांक- 2024
सविता
–00–
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में ग्राम न्यायालय को चालू करने के लिए 6 पदों के सृजन को मंजूरी दी है
चंडीगढ़/SANGHOL-TIMES/NAGPAL/24जुलाई,2024- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में ग्राम न्यायालय को चालू करने के लिए 6 पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इस बारे में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में न्यायिक बुनियादी ढांचे और पहुंच को बढ़ाने के उद्देश्य से 4 मार्च, 2024 को फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में ग्राम न्यायालय को अधिसूचित किया था। उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा सिविल सेवा नियम, 2016 के अनुसार स्वीकृत पदों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-II, रीडर ग्रेड-III, अहलमद, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III, चपरासी और एक अतिरिक्त चपरासी शामिल हैं, जिनका कुल मासिक वित्तीय भार 3,95,128 रुपये और वार्षिक लागत 47,41,536 रुपये है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की यह पहल न्यायिक प्रणाली को मजबूत करने और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र में समय पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
क्रमांक -2024
जंगबीर सिंह
