ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं और संभाल करें – स. हरचंद सिंह बरसट
भगत सिंह हरियावल लहर के तहत अनाज मंडी पटियाला में लगाए पौधे
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने विशेष रूप से की शिरकत
मोहाली/संघोल-टाइम्स/ब्यूरो/15जुलाई,2024 – पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट की ओर से शहीद भगत सिंह हरियावल लहर के दूसरे पड़ाव के तहत आज अनाज मंडी पटियाला में पौधारोपण किया गया। जिनकी देख-रेख की जिम्मेदारी वहां के अधिकारियों व कर्मचारियों को सौंपी गई। इस मौके पर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की। इस दौरान आम लोगों को पर्यावरण के महत्व के बारे में बताया गया और पौधे भी वितरित किये गये। इसके बाद मंडी के विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए करीब 60 लाख रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर स. बरसट ने कहा कि दिन-ब-दिन बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान कर दिया है। गर्मी में हो रही बढ़ोतरी का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। इसलिए सभी को पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग देना चाहिए, ताकि हमारा आस-पास हरा-भरा रह सके। पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पूरे पंजाब में पौधे लगाए जा रहे हैं। बरसात का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे फायदेमंद होता है, क्योंकि इन दिनों में लगाए गए पौधों का विकास आसानी से होता है, पर इन दिनों में पौधों की देख-रेख पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आढ़तियों को अपने आस-पास पांच-पांच पौधे लगाने तथा अपने जन्मदिन पर दो-दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 के दौरान शहीद भगत सिंह हरियावल लहर के तहत पंजाब राज्य की विभिन्न मंडियों में अधिकारियों, कर्मचारियों, आढ़ती एसोसिएशनों, एन.जी.ओज़ के सहयोग से करीब 33 हजार फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। इस सीजन में 35 हजार से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य है।
स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने कहा कि मनुष्य, पशु-पक्षियों के जीवन में पेड़ों का बहुत महत्व है। इसलिए पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने के लिए हर इंसान को अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और उनकी देखभाल करनी चाहिए, जो समय की मुख्य आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ जहां हमें ऑक्सीजन देते हैं, वहीं पक्षियों के बैठने के लिये भी सहायी होते हैं। इस मौके पर स. गुरिंदर सिंह चीमा मुख्य इंजीनियर, स. जसपाल सिंह बुट्टर निगरान इंजीनियर, स. अजेपाल सिंह बराड़ जिला मंडी अधिकारी पटियाला, स. मनदीप सिंह जिला मण्डी अधिकारी मुख्यालय, स. अमृतपाल सिंह कार्यकारी इंजीनियर पटियाला, प्रभलीन सिंह डीडीएमओ पटियाला, बलविन्दर सिंह सैनी, सतविन्दर सैनी प्रधान आढ़ती एसोसिएशन पटियाला, नरेश भोला, सुरेश कुमार डकाला, संजीवन कुमार सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी और आढ़ती उपस्थित रहे।
लगभग 60 लाख के विकास कार्य प्रारम्भ
स. हरचंद सिंह बरसट और डॉ. बलबीर सिंह द्वारा आज मंडी के विकास की दिशा में एक और कदम उठाया गया। जिसके तहत करीब 60 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके चलते मंडी की चार दीवारी, गेट लगाना, स्ट्रीट लाइट्स को ठीक किया जाएगा।
………………………………………………………
