पी जी आई के डॉ. अंकित वाट्स को अमेरिका में प्रतिष्ठित SNMMI फ्यूचर लीडर्स अवार्ड
चंडीगढ़/ऑरलैंडो/संघोल-टाइम्स/केवल-भारती/04फरवरी,2026:
भारत के लिए गर्व का क्षण है। चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च पी जी आई के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के युवा वैज्ञानिक डॉ. अंकित वाट्स को अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था सोसाइटी ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड मॉलिक्यूलर इमेजिंग (SNMMI) द्वारा SNMMI फ्यूचर लीडर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान ऑरलैंडो, फ्लोरिडा (USA) में आयोजित SNMMI की मिड-विंटर मीटिंग के दौरान प्रदान किया गया, जिसका आयोजन अमेरिकन कॉलेज ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन (ACNM) की वार्षिक बैठक के सहयोग से हुआ।
भारत से एकमात्र चयन, वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि
डॉ. अंकित वाट्स इस वर्ष दुनिया भर से चुने गए केवल 15 युवा वैज्ञानिकों में शामिल हैं और भारत से इकलौते प्रतिनिधि रहे। यह पुरस्कार अत्यंत प्रतिस्पर्धी माना जाता है और न्यूक्लियर मेडिसिन के क्षेत्र में भविष्य के वैश्विक नेतृत्व की पहचान के रूप में दिया जाता है। इस उपलब्धि से न केवल पी जी आई बल्कि पूरे भारत की अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक प्रतिष्ठा को मजबूती मिली है।
अनुसंधान और नेतृत्व के लिए मिला सम्मान
SNMMI फ्यूचर लीडर्स अवार्ड उन शुरुआती करियर पेशेवरों को दिया जाता है, जो न्यूक्लियर मेडिसिन और मॉलिक्यूलर इमेजिंग में नवाचार, उच्च स्तरीय अनुसंधान और नेतृत्व क्षमता का असाधारण प्रदर्शन करते हैं।
डॉ. वाट्स को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, अनुसंधान में नेतृत्व और अंतर्राष्ट्रीय प्रभाव के लिए प्रदान किया गया।
जॉन्स हॉपकिन्स में किया अत्याधुनिक शोध
डॉ. अंकित वाट्स ने हाल ही में जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय, बाल्टीमोर (USA) से एक प्रतिष्ठित एक वर्षीय फेलोशिप पूरी की है। इस दौरान उन्होंने ऑस्टियोसारकोमा (हड्डियों के कैंसर) के इलाज के लिए टारगेटेड अल्फा थेरेपी पर महत्वपूर्ण शोध किया और एक नई व अत्याधुनिक उपचार रणनीति विकसित की, जिसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ सम्मान
यह पुरस्कार SNMMI के अध्यक्ष प्रो. डॉ. जीन-ल्यूक-सी अर्बेन और अध्यक्ष-इलेक्ट डॉ. हीथर जैसीन द्वारा प्रदान किया गया।
वर्ष 2026 की SNMMI फ्यूचर लीडर्स अकादमी को डॉ. सुसान रेनॉल्ड्स ने मेंटर किया, जो 1993 में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन द्वारा नियुक्त व्हाइट हाउस हेल्थ प्रोफेशनल्स रिव्यू ग्रुप की सदस्य रह चुकी हैं।
