हरियाणा देश- विदेश के निवेशकों के लिए बना पहली पसंद- मुख्यमंत्री
रिफॉर्म, परफॉर्म व ट्रांसफॉर्म के मंत्र पर चलते हुए हरियाणा ने हर क्षेत्र में किया उल्लेखनीय विकास
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से हरियाणा में निवेश करने के लिए किया आमंत्रित, सरकार निवेशकों के सहयोग के लिए तैयार
चंडीगढ़/SANGHOL-TIMES/Harminder Nagpal/11 दिसंबर, 2024- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा की भूमि अवसरों व संभावनाओं के लिए जानी जाती है। आज हरियाणा देश व विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। रिफॉर्म, परफॉर्म व ट्रांसफॉर्म के मंत्र पर चलते हुए हरियाणा ने जो विकास किया है, वह हर क्षेत्र में नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल व दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने एक नए युग की ओर कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री का विजन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को लेकर आगे बढ़ना है।
मुख्यमंत्री बुधवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विदेश सहयोग विभाग द्वारा आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व यह सिखाता है कि जब नियत साफ हो व इरादे मजबूत हो तो देश हर क्षेत्र में विकास की राह पर आगे बढ़ता है। उनके मार्गदर्शन में हमने हरियाणा को विकास व जन कल्याण में अग्रणी बनाया है। हरियाणा के सकल घरेलू उत्पाद में 11.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय 3 लाख 25 हजार 759 रुपए तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि एनसीआर क्षेत्र को वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में कुरुक्षेत्र व करनाल के बीच भी एक हवाई अड्डे का निर्माण किया जाएगा, ताकि लोगों को हवाई कनेक्टिविटी मिल सके।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का हर जिला अब हाइवे से जुड़ गया है। हर जिला में अनेक नए एक्सप्रेसवे के निर्माण का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। हरियाणा कृषि उद्योग संयंत्रों के व्यापार का प्रमुख केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निवेशकों को लाइसेंस लेने या व्यापार स्थापित करने के लिए किसी भी प्रकार की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने निवेशकों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए अलग से विदेश सहयोग विभाग बनाया है। आने वाले समय में सरकार एक बड़ा इन्वेस्टर मीट का आयोजन करेगी। उन्होंने निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया और कहा कि हरियाणा सरकार निवेशकों के सहयोग के लिए हर समय तैयार है।
*गीता जंयती का आयोजन संस्कृति, दर्शन और आर्थिक प्रगति का जश्न- तंजानिया पर्यटन मंत्री पिंडी चाना*
इस मौके पर तंजानिया की पर्यटन मंत्री पिंडी चाना ने गीता महोत्सव में भाग लेने हेतू आमंत्रण के लिए हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गीता जंयती का आयोजन संस्कृति, दर्शन और आर्थिक प्रगति का जश्न है। गीता महोत्सव में तंजानिया की भागीदारी एक महत्वपूर्ण कदम है ,जो दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा। गीता महोत्सव एक महत्वपूर्ण आयोजन है जो भारतीय संस्कृति और दर्शन को प्रदर्शित करता है। यह आयोजन दुनियाभर के लोगों को आकर्षित करता है और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करता है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और विदेश सहयोग विभाग के आला अधिकारी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
क्रमांक -2024
*शंखनाद और गीता महाआरती के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता महापूजन के साथ किया ब्रह्मसरोवर पर दीपदान*
*अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में ब्रहमसरोवर के पावन तट पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने की महाआरती*
*दीपोत्सव पर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा सन्निहित सरोवर और ब्रह्मसरोवर तट*
चंडीगढ़, 11 दिसंबर – धर्मक्षेत्र- कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने शंखनाद और मंत्रौच्चारण के बीच सन्निहित सरोवर पर गीता महापूजन के साथ ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर दीपदान किया।
इस महाआरती की संध्या में दीपोत्सव मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा। दीपोत्सव में जहां सन्निहित सरोवर और ब्रहमसरोवर के पावन तट पर हजारों दीपक जलाए गए, वहीं कुरुक्षेत्र और 48 कोस के तीर्थ स्थलों पर भी दीपक जलाए गए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव और गीता जयंती समारोह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धर्मक्षेत्र- कुरुक्षेत्र में गीता जयंती का यह समारोह दीपोत्सव के कारण बहुत अद्भुत रहा और हजारों दीपों की दीपमाला से ब्रह्मसरोवर ही नहीं कुरुक्षेत्र का दृश्य अदभुत नजर आया। भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की ही भूमि पर महाभारत के युद्घ के बीच एक ऐसा शांति का संदेश दिया जो आज गीता उपदेश नाम से पूरे विश्व को प्रकाशमय कर रहा है। महाभारत के बीच शांति का संदेश देना किसी भी इतिहास में नजर नहीं आता है।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में गीता और ब्रह्मसरोवर आरती से पहले पवित्र ग्रंथ गीता के श्लोकों का उच्चारण शुरु हो गया था। इसके साथ ही विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से सन्निहित सरोवर और ब्रह्मसरोवर हजारों दीपकों को रोशन किया गया। इन दीपों की रोशनी से ब्रह्मसरोवर का पूरा तट जगमगा उठा और एक मनमोहक दृश्य नजर आया। यह महोत्सव आमजन का महोत्सव है, इसलिए कुरुक्षेत्र प्रशासन और केडीबी के प्रयास सराहनीय रहे है।
क्रमांक -2024
*भिवानी में जारी 68वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ समापन*
*अंडर-19 आयु वर्ग की लडक़े व लड़कियां दोनों ही वर्गो में हरियाणा की टीम रही विजेता*
*हरियाणा की बेटियों ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर किया भारत का नाम ऊंचा : श्रुति चौधरी*
चंडीगढ़, 11 दिसंबर – हरियाणा की सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी में 68वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत की भूमि से वर्ष 2015 में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शुरूआत की थी। इसी भूमि पर प्रधानमंत्री सखी बीमा योजना को धरातल पर उतारकर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही है।
भिवानी के भीम स्टेडियम में जारी 68वीं राष्ट्रीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता में 19 आयु वर्ग में लडक़ों में हरियाणा की टीम ने 46 के मुकाबले 66 अंक प्राप्त कर दिल्ली की टीम को 20 अंकों से हराया। लडक़ों में तीसरे स्थान पर नवोदय विद्यालय समिति की टीम विजेता रही। वही लड़कियों में अंतिम मुकबाला हरियाणा व पंजाब के बीच रहा, जिसमें हरियाणा की टीम ने 41 अंक प्राप्त कर विजेता बना। वही पंजाब की टीम ने 23 अंक प्राप्त किए। वही लड़कियों की टीम में तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र की टीम रही।
महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने राष्ट्रीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीमों को पुरूस्कृत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा की बेटियों ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम ऊंचा किया है।
क्रमांक -2024
–00–
*प्रदेश के डिपो धारकों के कमीशन के लिए 90 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, कमीशन जल्द जारी होगा – राज्य मंत्री राजेश नागर*
*प्रदेश में गरीबों को समय से मिल रहा है राशन: राज्य मंत्री राजेश नागर*
*कोई भी व्यक्ति भूखे पेट नहीं रहेगा, सर्दियों में डिपो सुबह शाम खुलेंगे*
चंडीगढ़, 11 दिसंबर – खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोगता मामले राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में ग़रीब नागरिकों को समय से राशन मुहेया करवाया जा रहा है। सरकार गरीबों की पूरी हितैषी है।
राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सरकार में कोई भी व्यक्ति भूखे पेट नहीं सोएगा। डिपो धारकों के कमीशन को लेकर राज्य मंत्री नागर ने कहा कि 90 करोड़ रुपये राज्य सरकार की ओर से पहले ही स्वीकृत कर दिए गए हैं। जल्द ही सभी डिपो संचालकों को उनका कमीशन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राशन आवंटन के मामले में पूरी पारदर्शिता बरत रही है। इस बात का ख़ास ख़्याल रखा जा रहा है कि राशन डिपो से आवंटित होने वाले राशन की चोरी ना हो सके और राशन को लेकर हेर – फेर ना हो पाए। इसके लिए हरियाणा सरकार पुख्ता इंतजाम करने जा रही हैं।
राशन डिपो से लोगों को राशन लेने की सूचना देने के लिए जहां गांवों व शहरों में मुनादी कराई जाएगी वहीं डिपो के भीतर कैमरे लगवाने की योजना है ताकि डिपो धारक ईमानदारी से राशन वितरित करें।
राज्य मंत्री ने कहा कि सर्दियों के दिनों में सुबह और शाम दो बार राशन डिपो खुलेंगे, जबकि अभी तक ये राशन डिपो संचालक की मर्जी पर निर्भर करता था कि वह डिपो कब खोलेगा। दिसंबर से राज्य मंत्री राशन डिपोओं का औचक निरीक्षण भी करेंगे, इस दौरान देखा जाएगा कि राशन डिपो की व्यवस्था दुरुस्त चल रही है या नहीं।
बता दें कि हरियाणा में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 32 लाख परिवारों को राशन वितरण किया जाता है। प्रदेश में 9,434 राशन डिपो है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने आधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर शिकायत मिले तो डिपो धारक का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाए।
क्रमांक: 2024
शैलजा कौशल
*कुरुक्षेत्र में यातायात की भीड़ कम करने के लिए बनेगा बाईपास – मुख्यमंत्री*
*कुरुक्षेत्र बाईपास के लिए केन्द्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की
*कुरुक्षेत्र को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सहयोग का किया आह्वान*
चंडीगढ़, 11 दिसंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कुरुक्षेत्र बाईपास के निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है, जिसका निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस बाईपास के निर्माण से न केवल कुरुक्षेत्र निवासियों को बल्कि आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा, जिससे इस पवित्र भूमि में बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री आज कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान 48 कोस तीर्थ सम्मेलन में तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, तंजानिया की पर्यटन मंत्री श्रीमती पिंडी चाना, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने 48 कोस परिक्रमा के सभी तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों से आग्रह करते हुए कहा कि वे आगे आएं और कुरुक्षेत्र को देश का सबसे स्वच्छ स्थान बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अगर हम सब मिलकर इस कार्य में सहयोग करें तो 48 कोस में फैला यह धार्मिक क्षेत्र निःसंदेह पूरे देश में स्वच्छता के मामले में अग्रणी बन सकता है।
*हरियाणा में ब्रज की 84 कोस यात्रा की तर्ज पर 48 कोस यात्रा शुरू की जाएगी*
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ब्रज की 84 कोस यात्रा की तर्ज पर 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि पर स्थित तीर्थों की यात्रा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा कुरुक्षेत्र को भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा और पवित्र नगरी हरिद्वार से जोड़ने के लिए रेल सेवा भी शुरू की जाएगी। श्री कृष्ण सर्किट योजना के तहत महाभारत युद्ध से संबंधित 134 स्थलों को लगभग 175 करोड़ रुपये के अनुमानित लागत से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। गीता स्थली, ज्योतिसर में 205 करोड़ रुपये के निवेश से महाभारत थीम पर आधारित ज्योतिसर अनुभव केंद्र का निर्माण भी किया जा रहा है। इस अनुभव केंद्र का हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली उद्घाटन किया था।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमें गीता के कर्म योग को अपने जीवन में उतारने वाले कर्मयोगी देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों का उद्देश्य सिर्फ नीति निर्माण करना नहीं है, बल्कि लाखों किसानों, महिलाओं और वंचितों के जीवन में बदलाव लाना है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कैसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र सफल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का गवाह बना है, जिसमें गीता की वाणी पूरे हरियाणा में गूंज रही है, जिससे राज्य वैश्विक मंच पर पहुंच गया है। कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि 5,162 साल पहले इसी पवित्र भूमि पर भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का दिव्य संदेश दिया था। उन्होंने इसे हरियाणा और पूरे देश के लोगों के लिए बहुत गर्व की बात बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुरुक्षेत्र की 48 कोस भूमि में 367 तीर्थ स्थल हैं, जिनमें से कुछ समय के साथ लुप्त हो गए हैं। हाल ही में सर्वेक्षण एवं दस्तावेजीकरण के पश्चात 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के 164 तीर्थों की सूची में 18 नए तीर्थ जोड़े गए हैं। यह कार्य अभी भी जारी है तथा निकट भविष्य में इस सूची में और तीर्थ जुड़ने की पूरी संभावना है।
उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों में 93 विकास कार्यों के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को 76 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 57 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। अनेक कार्य पूरे हो चुके हैं तथा शेष पर तेजी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में आस्था के अनेक केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। देश के सुदूर क्षेत्रों के मंदिर अब कुरुक्षेत्र में देखने को मिलते हैं। उत्तर भारत का श्री तिरुपति बालाजी मंदिर यहां बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, जीओ गीता संस्थान, अक्षरधाम मंदिर, इस्कॉन मंदिर तथा ज्ञान मंदिर भी निर्माणाधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने 48 कोस तीर्थ पुस्तक, तीर्थ क्यूआर कोड और कुरुक्षेत्र टूर गाइड के प्रथम और द्वितीय संस्करण का भी विमोचन किया।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि आज 18 हजार बच्चों ने गीता श्लोकों का पाठ किया, जबकि लाखों बच्चों ने ऑनलाइन इस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि 48 कोस क्षेत्र के तीर्थ लुप्त होने के कगार पर थे, लेकिन अब इस प्राचीन धरोहर को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ियां इसके बारे में जान सकें। हरियाणा सरकार पहले से ही इस कार्य के लिए प्रतिबद्ध है और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के माध्यम से लगातार सकारात्मक कदम उठा रही है। सरकार के प्रयासों से जहां महत्वपूर्ण प्रगति होगी, वहीं इन तीर्थ स्थलों का पुनर्विकास करना और दुनिया भर से पर्यटकों को अपने गांवों की ओर आकर्षित करना भी हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। आज कुरुक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान बना रहा है और सभी के प्रयासों से 48 कोस के सभी तीर्थों को नई पहचान मिलेगी।
*****
*प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए प्रतिबद्ध: आरती सिंह राव*
*कृषि विपणन बोर्ड की ओर से मृतक किसान परिवार को दिया 5 लाख का चेक*
चंडीगढ़ , 11 दिसंबर – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने आज महेंद्रगढ़ जिला के अटेली विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और आमजन की शिकायतें सुन अधिकारियों को जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
कुमारी आरती सिंह राव ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, क्षेत्रीय अस्पतालों में स्टाफ की कमी, और दवाइयों की उपलब्धता को लेकर तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने तिगरा गांव के किसान बिरेंद्र सिंह की पत्नी सुमन देवी को कृषि विपणन बोर्ड की ओर से आर्थिक सहायता के तौर पर 5 लाख रूपये का चेक दिया। बिरेन्द्र सिंह की खेत में काम करते हुए कुएं में गिरकर मृत्यु हो गई थी।
इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डा. विजय, जिला शिक्षा अधिकारी संतोष चौहान, अटेली मार्केट कमेटी सचिव सुनीता फौगाट के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक -2024
****
पंकज अग्रवाल को हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड, भिवानी के चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार
चंडीगढ़ 11 दिसंबर- मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा तथा चुनाव विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री पंकज अग्रवाल को हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड, भिवानी के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
****
*हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने किया 66 केवी एच वी पी एन सब-स्टेशन का उद्घाटन*
चंडीगढ़,11 दिसंबर – अंबाला छावनी में स्थित 66 केवी एच वी पी एन सब-स्टेशन की क्षमता वृद्धि का उद्घाटन आज हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और योजनाओं को साझा किया।
मंत्री जी ने कहा कि हरियाणा सरकार कोयले पर निर्भरता कम करने और अक्षय ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करके राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत, ग्रामीण क्षेत्रों में पायलट आधार पर सोलर हाउस बनाने की योजना शुरू की जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि ऊर्जा खपत में पारदर्शिता लाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए प्री-पेड मीटर लगाने का अभियान शुरू किया जाएगा। इस पहल से न केवल ऊर्जा खपत को नियंत्रित किया जाएगा, बल्कि उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत भी मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री अनिल विज जी ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से यह आश्वासन दिया कि प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर मंत्री जी ने क्षेत्रवासियों से ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे सुधारों के समर्थन की अपील की और कहा कि सरकार की यह पहल राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगी। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में जनता उपस्थित रही।
******
इग्नू में सेमेस्टर, यूजी और पीजी के लिए 31 जनवरी तक कर सकते हैं री-रेजिस्ट्रेशन
चंडीगढ़, 11 दिसम्बर – इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय(इग्नू) में जनवरी 2025 सत्र के लिए सभी बैचलर्स और मास्टर पाठ्यक्रमों में री-रजिस्ट्रेशन आरम्भ कर दिए हैं जिन विद्यार्थियों ने जनवरी 2024 में इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया है उनके लिए 31 जनवरी,2025 तक री-रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने जुलाई 2024 सत्र में सैमेस्टर आधारित पाठ्यक्रमों जैसे एमबीए, एमसीए,एमकॉम, बीसीए आदि में दाखिला लिया है उनको अपने अगले सेमेस्टर में री-रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। इसी प्रकार, जिन विद्यार्थियों ने जनवरी 2025 सत्र में बैचलर्स प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष में दाखिला लिया है उन्हें जनवरी 2025 में द्वितीय और तृतीय वर्ष में दाखिला करवाना अनिवार्य है। री-रेजिस्ट्रेशन के लिए विद्यार्थी इग्नू की वेबसाइट http://www.ignou.ac.in/ पर जाकर पुन:पंजीकरण करवा सकते हैं।
*****
*वैश्विक गीता पाठ का साक्षी बना धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान 18 हजार बच्चों सहित विभिन्न देशों में हुआ गीता पाठ*
*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में की शिरकत*
*मुख्यमंत्री ने की घोषणा, कुरुक्षेत्र के थीम पार्क का नाम अब केशव पार्क होगा*
*गीता में अहंकार को त्यागने और आत्मज्ञान प्राप्त करने के संदेश को अपनाकर हम समाज में ला सकते हैं समरसता – मुख्यमंत्री*
चंडीगढ़, 11 दिसंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज घोषणा करते हुए कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर स्थित थीम पार्क अब केशव पार्क के नाम से जाना जाएगा। इसका उद्देश्य भारत में महान धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थल कुरुक्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को और अधिक संरक्षित और बढ़ावा देना है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में वैश्विक गीता पाठ में भाग लेने वाले स्कूली छात्रों के लिए गुरुवार को विशेष अवकाश की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने आज धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान 18 हजार बच्चों के द्वारा वैश्विक गीता पाठ- अष्टादशी श्लोक कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, तंजानिया की पर्यटन मंत्री पिंडी चाना, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने गीता स्थली ज्योतिसर में पवित्र ग्रंथ गीता की पूजा- अर्चना की और इसके उपरांत उन्होंने हवन-यज्ञ में पूर्ण आहुति भी डाली। मुख्यमंत्री ने ज्योतिसर अनुभव केंद्र व भगवान श्री कृष्ण के विराट स्वरूप का भी अवलोकन किया ।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को मार्गशीर्ष शुक्ल एकादशी एवं गीता जयंती पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान से प्रार्थना की कि वे प्रदेशवासियों के जीवन को ज्ञान के आलोक से आलोकित करें। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 5162 वर्ष पहले भगवान श्री कृष्ण जी के मुख से श्रीमद् भगवद् गीता का उद्घोष हुआ था। आज 18 हजार विद्यार्थियों द्वारा अष्टादशी श्लोकों से आकाश गुंजायमान हुआ है। यह गर्व की बात है कि आज अनेक देशों में गीता का पाठ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस गीता पाठ के न केवल धार्मिक, बल्कि वैज्ञानिक अर्थ भी हैं। जिन 18 छंदों का पाठ आज किया गया है, वह अपने आप में एक प्रार्थना है, गीत है, और शांति का आह्वान है।
*प्रधानमंत्री के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने एक नए युग की तरफ बढ़ाया कदम*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी गीता को पूरी मानव जाति के लिए उपयोगी मानते हैं। उन्होंने कहा है कि ‘गीता के माध्यम से भारत ने देश और काल की सीमाओं से बाहर पूरी मानवता की सेवा की है। प्रधानमंत्री के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने एक नए युग की तरफ कदम बढ़ाया है। उनकी नीतियों से गरीब, मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं सहित हर वर्ग को विकास की गारंटी मिली है। प्रधानमंत्री भारतीय संस्कृति का परचम पूरी दुनिया में फहरा रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनवाकर पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ही गीता जयंती पर्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने लगा है।
*जीवन में हर व्यक्ति को हर हालात में अपने कर्तव्यों का करना चाहिए पालन*
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गीता का हर श्लोक हमें एक नया दृष्टिकोण और जीवन जीने की नई प्रेरणा देता है। श्रीमद् भगवद् गीता केवल अर्जुन और भगवान श्रीकृष्ण जी के संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे हर प्रश्न का समाधान करती है। गीता का पहला और सबसे महत्वपूर्ण संदेश है जीवन में हर व्यक्ति को धर्म और कर्तव्य का पालन करना चाहिए। समाज में यदि हर व्यक्ति अपना कर्तव्य निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएं, तो समाज में अनुशासन और संतुलन बना रहेगा। यह संदेश हमें सिखाता है कि स्वार्थों को छोड़कर हमें समाज व देश के प्रति जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
*गीता में अहंकार को त्यागने और आत्मज्ञान प्राप्त करने के संदेश को अपनाकर हम समाज में ला सकते हैं समरसता*
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता हमें बताती है कि एक सच्चे नेता को अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और धर्म के लिए कार्य करना चाहिए। यह संदेश आज के नेताओं और प्रबंधकों के लिए भी प्रेरणादायक है। यदि हर व्यक्ति अपना कर्तव्य निभाए और धर्म के मार्ग पर चले, तो समाज में नैतिकता और न्याय का साम्राज्य होगा। गीता में अहंकार को त्यागने और आत्मज्ञान प्राप्त करने के संदेश को अपनाकर हम एक दूसरे के साथ बेहतर संबंध स्थापित कर सकते हैं और समाज में समरसता ला सकते हैं।
*गीता सारी दुनिया में सबसे श्रेष्ठ ग्रंथ, इससे मानवमात्र को जीवन जीने की पद्धति मिली – श्याम सिंह राणा*
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गीता सारी दुनिया में सबसे श्रेष्ठ ग्रंथ है, इससे मानवमात्र को जीवन जीने की पद्धति मिली है। आज गीता सारे विश्व के अंदर प्रसिद्ध है। ये कर्म का संदेश देती है। व्यक्ति को अपने जीवन में कोई कामयाबी हासिल करनी है तो उसे गीता में दिए गए कर्म के संदेश को आत्मसात करना होगा। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन गीता का पाठ अवश्य करें, इससे न केवल उनकी एकाग्रता बढ़ेगी बल्कि किसी भी प्रकार की विकट स्थिति से बाहर निकलने में पारंगत होंगे। उन्होंने कहा कि गीता शिक्षा और दीक्षा का ग्रंथ है। कर्म की शिक्षा है तो कर्तव्य के रूप में दीक्षा भी है।