अमित शाह ने आर्टीकल 370 को लेकर कांग्रेस – एनसी गठबंधन की आलोचना की
लुधियाना/जालंधर/संघोल-टाइम्स/27अगस्त, 2024 – 10 साल बाद जैसे-जैसे जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक गलियारों में गतिविधियां तेज हो रही हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने हमेशा धारा 370, जम्मू-कश्मीर में अलग झंडा, आतंकवाद, अलगाववाद और पाकिस्तान का समर्थन किया है। भारतीय राजनीति को नई पहचान दिलाने और जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाने वाले राजनेता अमित शाह ने राहुल गांधी को कठघड़े में खड़ा करते हुए अपने सवालों के बाण दागे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारतीय राजनीति के चाणक्य अमित शाह का मानना है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ कांग्रेस का गठबंधन इस बात का संकेत है कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में फिर से अलग झंडे के वादे, धारा 370 की बहाली और जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकवाद व अलगाववाद के युग की शुरुआत के समर्थन में खड़ी है। शाह ने पाकिस्तान के साथ व्यापार शुरू करने के नेशनल कॉन्फ्रेंस के निर्णय पर भी कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। जम्मू-कश्मीर, भारत का एक ऐसा हिस्सा जो आजादी के बाद दशकों तक आतंकवाद और अलगाववाद का दंश झेलता रहा। बँटवारे की समर्थक कांग्रेस ने धारा 370 और 35ए लगाकर जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग-थलग कर दिया, जहाँ दशकों तक दो विधान, दो निशान और दो प्रधान की परंपरा चलती रही।
