
जितेंद्र पाल मल्होत्रा को हल्के में लेना विरोधियों को भारी पड़ा
संगठन ने पहले ही उनके लिए सुनियोजित तैयारी कर रखी थी
सबसे ताकतवर बन कर उभरे संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासलु
….
चण्डीगढ़/संघोल-टाइम्स/केवल-भारती/16January,2025: जितेंद्र पाल मल्होत्रा दूसरी बार चण्डीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने में सफल रहे। उनके लिए आरएसएस एवं भाजपा संगठन ने पहले से ही योजनाबद्घ तरीके से तैयारी कर रखी थी। उनके प्रतिद्वंदियों को चुन चुन कर रास्ते से हटाया गया। विहिप के चण्डीगढ़ प्रांत के विभाग प्रमुख प्रदीप शर्मा को पंजाब का विशेष सम्पर्क प्रमुख का भी दायित्व सौंप कर उनका कद बढ़ा दिया गया जबकि भाजपा उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली को चण्डीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की नई गवर्निंग बॉडी का सदस्य भी बना दिया।
नाम तो डॉ. धीरेंद्र तायल का भी चल रहा था, परंतु पार्टी ने उन्हें संगठन पर्व के अंतर्गत प्रदेश निर्वाचन अधिकारी ही नियुक्त कर दिया, जिससे उनके भी चांस खत्म हो गए। किस्मत के धनी अनूप गुप्ता के नाम साथ पूर्व महापौर तो जुड़ गया परंतु पहले सांसद की टिकट के दावेदारी ठोकी और फिर अध्यक्ष पद के लिए हाथ पैर मारने लगे। परंतु अंत में सिर्फ जिला अध्यक्ष के पद पर ही संतोष करना पड़ा। सतिंदर सिंह को हालांकि निचले स्तर के कार्यकर्ता प्रधान बनते देखना चाहते थे, परंतु उन्होंने खुद को इस रेस से अलग करते हुए संगठन पर ही सब छोड़ दिया था।
….
पिछले दिनों अपने जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन कर चुके पूर्व महापौर रविकांत शर्मा को कोई भाव न मिला। संजय टंडन ने भी हवा विपरीत देख कर हवा के रुख के साथ ही चलना उचित समझा व समझदारी से काम लेते हुए मौके पर चौका मारते हुए जितेंद्र मल्होत्रा के समर्थन में उतर आए।
इससे सभी अन्य विरोधी कटी पतंग की गति को प्राप्त हो गए।
अपने पहले कार्यकाल में निर्विवाद छवि बनाने वाले जितेंद्र मल्होत्रा के नंबर हालांकि मेयर चुनाव व लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार के कारण कट गए थे, परंतु अभी पार्टी के संगठन पर्व में रिकॉर्ड संख्या में नए सदस्य जोड़ने की सफल कवायद से पार्टी में उनका कद ऊंचा हो गया था। इसके अलावा लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के लिए काफी मेहनत की थी व अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी थी। वो भी उनका प्लस प्वाइंट रहा। इसके अलावा शहर में आरएसएस मुख्यालय केशव निवास व पंजाब भाजपा के मुख्यालय को बना कर उन्होंने संगठन को सौंप कर अपनी पकड़ और भी मजबूत की। अभी उनके पास पंजाब व हरियाणा में जिला भाजपा कार्यालय बनाने के काम हैं, जिन्हें वे पूरे मनोयोग से पूरा करने में जुटे हुए हैं। इससे भी उनको फायदा मिला।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात के कार्यक्रमों को आयोजित करने में भी चण्डीगढ़ देश में सबसे आगे रहा, जबकि संगठन पर्व को पूरा करने में लक्षद्वीप के बाद चण्डीगढ़ दूसरे स्थान पर आया। ये सभी बातें जितेंद्र मल्होत्रा के पक्ष में रहीं।
बीते रोज पदभार संभालने के समय उमड़ी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की भीड़ व उसके जोश ने साबित कर दिया कि वे अब राजनीति में पारंगत होने लगे हैं। राजनीतिक पंडितों के मुताबिक पार्टी कार्यकर्ताओं का ऐसा इक्कठ अरसे बाद देखने को मिला।
….
संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासलु का जलवा
भाजपा के स्थानीय संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासलु इस सारे घटनाक्रम में सबसे अधिक ताकतवर बन कर सामने आए हैं। पता चला है कि विरोधी गुट के सशक्त गठजोड़ ने एक पूर्व जिलाध्यक्ष के लिए बड़ी जुगत लगाई, परंतु श्रीमान मंथरी के आगे इस गुट की एक न चली।
….